विश्व क्षयरोग (टीबी) दिवस पर जिला चिकित्सालय बेमेतरा में कार्यक्रम आयोजित, 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ।

0

 

बेमेतरा, :- विश्व क्षयरोग (टीबी) दिवस के अवसर पर आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तथा जिला क्षय अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय एमसीएच बेमेतरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में क्षयरोग (टीबी) के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

 

कार्यक्रम में जिला नगर अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा एवं वार्ड पार्षद की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर टीबी रोग के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही टीबी के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों को समय पर इलाज के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ जिला नगर अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अभियान के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच, उपचार और फॉलोअप पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाने का है और इसके लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।

 

इस अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण मितानिन, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) से जुड़े सभी कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए सामूहिक रूप से शपथ भी ली और लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

 

इस वर्ष विश्व क्षयरोग (टीबी) दिवस की थीम “हाँ! हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं: देश के नेतृत्व में, लोगों द्वारा संचालित” रखी गई है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच कराएं और समय पर उपचार लेकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.