दंतेवाड़ा में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या, नग्न अवस्था में मिली लाश, पुलिस ने दर्ज किया मामला
दंतेवाड़ा।
जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पालनार बाजार के पास एक महिला की नग्न अवस्था में लाश मिलने के बाद मामला तूल पकड़ गया था। अब पुलिस ने इस वारदात में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि की है।
कुआकोंडा पुलिस को प्राप्त पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि पीड़िता के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर निर्मम हत्या कर दी गई। रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिलेगी और दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।