फिट इंडिया पहल के तहत दुर्ग पुलिस ने निकाली साइकिलिंग रैली
दुर्ग । पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार खेलो इंडिया योजना की फिट इंडिया पहल के तहत और फिटनेस को जीवनचर्या में शामिल करने के उद्देश्य से 24.08.2025 को साइकिलिंग अभियान का विशेष संस्करण “Sunday Of On Cycle : फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज” पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में आयोजित किया गया।
आयोजन के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने साइकिलिंग सवारों को रवाना करने से पूर्व प्रेरणादायी उद्बोधन दिया और कहा कि फिटनेस केवल आज के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली आदत होनी चाहिए। प्रतिदिन फिटनेस पर ध्यान देने से न केवल कार्यकाल बल्कि रिटायरमेंट के बाद भी स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
साइकिल रैली को सहायक उप निरीक्षक अनिल शुक्ला एवं सहायक उप निरीक्षक खोमन प्रसाद पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से गांधी चौक, पटेल चौक, गंजपारा चौक होते हुए पुनः स्टेडियम तक निकाली गई।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (लाईन) दुर्ग, रक्षित निरीक्षक रक्षित आरक्षी केन्द्र दुर्ग, कंपनी कमांडर, छ.स.बल. सातवीं वाहिनी भिलाई सहित दुर्ग जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी एवं छ.स.बल. के जवान साइकिल रैली में शामिल हुए।