यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई” ने निभाई मानवता की सच्ची सेवा

0

“यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई” ने निभाई मानवता की सच्ची सेवा

 

दिनांक 9 जुलाई 2025 को संस्था के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना प्राप्त हुई कि 32 एकड़ क्षेत्र में रहने वाले स. बलबीर सिंह जी का निधन हो गया है। उनके परिवार की ओर से समिति से अंतिम संस्कार की संपूर्ण व्यवस्था एवं दाह संस्कार के बाद लंगर सेवा के लिए मदद का आग्रह किया गया।

 

समिति के सदस्य उसी रात से ही आवश्यक तैयारियों में जुट गए थे। दिनांक 10 जुलाई 2025 को रामनगर मुक्तिधाम में सिख मर्यादा के अनुसार पूरी विधिपूर्वक अंतिम संस्कार सम्पन्न कराया गया। इस दुखद अवसर पर यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई के अध्यक्ष स. इंदरजीत सिंह जी स्वयं मुक्तिधाम में मौजूद रहे और अंतिम क्षणों तक सेवा में लगे रहे।

इस पूरी जानकारी की पुष्टि संस्था के कोषाध्यक्ष स. मलकीत सिंह जी द्वारा की गई।

 

हालांकि “यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई” को बने कुछ ही महीने हुए हैं, फिर भी संस्था ने इतने कम समय में समाज सेवा के अनेक महत्वपूर्ण कार्य कर यह सिद्ध कर दिया है कि सच्ची सेवा भावना समय की मोहताज नहीं होती।

 

संस्था के पाँच प्रमुख उद्देश्य हैं, जिन पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया जा रहा है:

 

यदि कोई बच्चा अपनी स्कूल की फीस भरने में असमर्थ है, तो उसकी पूरी व्यवस्था संस्था द्वारा की जाती है।

 

कोई बच्चा खेलकूद में राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाता है, तो उसके आवागमन व आवश्यक खर्चों की जिम्मेदारी संस्था उठाती है।

 

परिवार में मृत्यु की स्थिति में, मृतक का संपूर्ण अंतिम संस्कार संस्था द्वारा किया जाता है।

 

जरूरतमंद बेटियों के विवाह की समस्त व्यवस्था संस्था द्वारा की जाती है, जिससे उन्हें आत्मसम्मान और एक सुरक्षित भविष्य मिल सके।

 

यदि कोई व्यक्ति नशे की लत छोड़ना चाहता है, तो उसके पुनर्वास व मार्गदर्शन के लिए संस्था आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराती है।

 

इन्हीं उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संस्था ने एक हेल्पलाइन नंबर – 9755212855 भी जारी किया है। भिलाई में निवासरत कोई भी सिख परिवार यदि उपरोक्त किसी भी समस्या से जूझ रहा हो, तो इस नंबर पर 24×7 कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है।

 

समस्या की जानकारी मिलते ही संस्था की कोर टीम सक्रिय होती है। अध्यक्ष स. इंदरजीत सिंह जी के मार्गदर्शन में विशेष समितियाँ गठित की गई हैं – शिक्षा समिति, खेल समिति, विवाह समिति, इत्यादि।

 

इसके अलावा, हर गुरुद्वारे में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो स्थानीय स्तर पर सत्यापन करके समिति को सही जानकारी देते हैं। सत्यापन के पश्चात ही सहायता प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है, जिससे कि वास्तव में जरूरतमंद व्यक्ति तक सहयोग पहुँच सके।

 

यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई न केवल सेवा कर रही है, बल्कि समाज को जोड़ने, जागरूक करने और सशक्त बनाने का कार्य भी कर रही है। यह संस्था आज एक मिशन बन चुकी है — “हर जरूरतमंद तक सम्मान और सहायता पहुँचाना”।

Leave A Reply

Your email address will not be published.