Dehradun: पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के 187 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने जनसेवा का बताया संकल्प

0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 187 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के 182 और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के 5 अभ्यर्थी शामिल हैं।

इस दौरान सीएम ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पद सेवा का माध्यम है और सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि राज्य में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे बिना किसी दबाव के संविधान और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.