छत्तीसगढ़ के डॉ. ईशान दुबे को ISACON केरल में मिला ISA National Talent Award,राष्ट्रीय मंच पर चमकी छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, देशभर के एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के बीच मिला प्रतिष्ठित सम्मान…
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण रहा, जब नया रायपुर स्थित श्री रावतपुरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च में कार्यरत डॉ. ईशान दुबे को देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एनेस्थीसिया सम्मेलन ISACON 2026, केरल में प्रतिष्ठित ISA National Talent Award से सम्मानित किया गया।
25 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं चिकित्सा शिक्षाविदों की उपस्थिति में डॉ. दुबे को यह सम्मान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार एनेस्थीसियोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट नैदानिक कार्य, शैक्षणिक योगदान, प्रतिभा एवं नवाचार को मान्यता देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।

डॉ. ईशान दुबे को बाल हृदय शल्य चिकित्सा में एनेस्थीसिया, पेन मैनेजमेंट एवं इंटरवेंशनल पेन प्रक्रियाओं के क्षेत्र में विशेष अनुभव प्राप्त है। चिकित्सा शिक्षा एवं युवा चिकित्सकों के प्रशिक्षण में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
इस उपलब्धि को डॉ. दुबे ने अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों एवं उन सभी वरिष्ठ चिकित्सकों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को समर्पित किया, जिन्होंने उनकी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनकी इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के चिकित्सा जगत, शिक्षण संस्थानों एवं चिकित्सक समुदाय में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान न केवल डॉ. ईशान दुबे की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि राष्ट्रीय चिकित्सा मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और चिकित्सा क्षेत्र में प्रदेश के बढ़ते योगदान का भी गौरवपूर्ण प्रतीक है।