खारून से शिवनाथ तक भक्तिमय माहौल: चरोदा में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, 33 किमी की पदयात्रा के बाद दुर्ग में हुआ समापन
चरोदा: शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह यात्रा कुम्हारी स्थित खारून नदी से प्रारंभ होकर 33 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करते हुए दुर्ग स्थित शिवनाथ नदी तट पहुँची।
चरोदा बस स्टैंड पर हुआ भव्य स्वागत
यात्रा के चरोदा बस स्टैंड पहुँचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं द्वारा कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) जिला कार्यसमिति सदस्य गुड्डू भारती के संरक्षण तथा आयोजक उपकार चंद्राकर, विपिन चंद्राकर, वरुण यादव एवं शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के समस्त सदस्यों की अगुवाई में निकली इस यात्रा का स्वागत करने युवाओं और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
स्थानीय पार्षद निशा राजेश यादव, युवा दल के श्योन गुप्ता, करण राज सागर एवं ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। भीषण गर्मी और थकान को देखते हुए यात्रियों के लिए रसना, शीतल जल, केला और बिस्कुट आदि अल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई थी।
रुद्राभिषेक और गंगा आरती के साथ समापन
33 किलोमीटर की भक्तिमय यात्रा पूरी कर कांवड़िए दुर्ग के शिवनाथ नदी तट पहुँचे। यहाँ कांवड़ियों ने लाए गए जल से भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक किया। इसके बाद बनारस की तर्ज पर महा शिवनाथ गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसके साथ ही इस धार्मिक यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव’ के जयकारों से माहौल धर्ममय बना रहा।
