जामुल में कबाड़ का काला कारोबार फिर शुरू: बी सी चौक पर धड़ल्ले से कट रहा लोहा, पुलिस बेखबर या किसी बड़े संरक्षण का खेल?
जामुल (जनमत)। जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बी सी चौक पर एक बार फिर से अवैध कबाड़ का काला कारोबार पूरी धड़ल्ले के साथ शुरू हो गया है। सुलभ शौचालय के बाजू में स्थित इस कबाड़ गोदाम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह गोदाम पिछले एक महीने से बंद पड़ा था, लेकिन अब अचानक यहाँ दोबारा काम शुरू कर दिया गया है।
तड़के सुबह और भोर के अंधेरे में यहाँ संदिग्ध गतिविधियां चरम पर होती हैं, जहाँ लोहे से भरी गाड़ियों को लाकर गैस कटर और अन्य औजारों से अवैध रूप से काटा जा रहा है।
जेल से छूटे हिस्ट्रीशीटरों की पार्टनरशिप, वर्चस्व की जंग की आशंका
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, इस कबाड़ गोदाम के संचालन के पीछे कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि जेल से छूटे कुछ शातिर हिस्ट्रीशीटरों का हाथ है, जो इसमें पार्टनर के तौर पर शामिल हैं। अपराधियों की इस दखलंदाजी के कारण क्षेत्र में कभी भी गैंगवार या वर्चस्व की लड़ाई छिड़ने की गंभीर आशंका बनी हुई है।
बीएसपी प्लांट चोरी के बीच गोदाम खुलना दे रहा बड़े संरक्षण का संकेत
एक तरफ जहाँ भिलाई-3 क्षेत्र में बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) से लगातार हो रही लोहे की चोरी का मामला पहले से ही गरमाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ जामुल में इस अवैध गोदाम का दोबारा खुल जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इतनी बेखौफ गतिविधियों को देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस काले कारोबार को किसी बड़े और रसूखदार नाम का संरक्षण प्राप्त है।
क्या जामुल पुलिस सच में बेखबर है?