दुर्ग में महिला से छेड़छाड़ के बाद हमला — पुलिस ने पांच आरोपियों का निकाला सार्वजनिक जुलूस, शहर में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले अब कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में स्मृति नगर क्षेत्र में 22 अक्टूबर की रात हुई एक शर्मनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। महिला से छेड़छाड़ का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका सार्वजनिक जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक महिला अपने पति और बेटे के साथ सूर्या मॉल स्थित पीवीआर सिनेमा में फिल्म देखने गई थी। इसी दौरान ट्रांसपोर्टर सुजीत साव ने महिला से अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के पति और बेटे से गाली-गलौज व बदतमीजी की। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोपी सुजीत साव ने फोन कर अपने साथियों शिवपूजन, सुजीत कुमार, जिगर साव और सागर साव को मौके पर बुला लिया। पांचों ने मिलकर महिला के परिवार पर हमला कर दिया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुँची। मगर आरोपी इतने बेखौफ थे कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्मृति नगर चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर छेड़छाड़, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें स्मृति नगर मॉल के सामने सार्वजनिक रूप से जुलूस में घुमाया, ताकि समाज में सख्त संदेश जाए कि “कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
हालांकि इस घटना ने दुर्ग शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में छेड़छाड़, लूट और मारपीट की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर अब कम होता जा रहा है और पुलिस को सख्त और सतत अभियान चलाने की जरूरत है।